Gonda: सस्ते में जमीन दिलाने का झांसा देकर 1.30 लाख की चोरी, तीन गिरफ्तार

Gonda: सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को इटियाथोक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,00,700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त TVS Raider मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना खरगूपुर का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।पुलिस के मुताबिक, बैजपुर निवासी कफील अहमद दो सितंबर को अपनी बहन के ऑपरेशन के सिलसिले में गोण्डा के एक निजी अस्पताल आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मोटे पथरकट और शक्ति नाम के व्यक्तियों से हुई। दोनों ने गांधी चबूतरा के पास सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने विश्वास में ले लिया।कफील 1.30 लाख रुपये लेकर आरोपियों के बताए स्थान पर पहुंचे, जहां दो अन्य लोग भी मिले। आरोपियों ने जमीन दिखाने के बहाने उन्हें काफी देर तक इधर-उधर घुमाया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

इसी दौरान कफील के पेशाब करने जाने पर आरोपियों ने उनके बैग से 1.30 लाख रुपये निकाल लिए और बाइक से फरार हो गए। बाद में आरोपियों के मोबाइल भी बंद मिले।पीड़ित की तहरीर पर इटियाथोक थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने शनि देव मंदिर के पास खरगूपुर रोड स्थित बेन्दुली मोड़ से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शक्ति उर्फ शक्तिराम, मोटे उर्फ सूर्यनारायन पथरकट और राधेश्याम उर्फ बाबू जी के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर लोगों को फंसाता था।

ALSO READ: Saharanpur: गंगोह पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

पुलिस के अनुसार, कफील से आरोपियों ने 13 अगस्त को भी 1.50 लाख रुपये लिए थे। दो सितंबर को 1.30 लाख रुपये लेकर उन्हें बुलाया गया और मौका पाकर रकम चोरी कर ली गई।पुलिस के मुताबिक, शक्ति उर्फ शक्तिराम थाना खरगूपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी तथा आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राधेश्याम के खिलाफ बलरामपुर के कोतवाली नगर और तुलसीपुर थाने में धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गौरव तोमर, उपनिरीक्षक राजेश दूबे, हेड कांस्टेबल इमरान अहमद, हेड कांस्टेबल धनन्जय यादव और कांस्टेबल सूर्यनाथ यादव शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)