गोण्डा: पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने फरार चल रहे एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मारूति चौराहे के पास से आरोपी को दबोचकर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इससे पहले इसी मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रथम सोमानी पुत्र कमल सोमानी निवासी रानी बाजार, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार छेदीपुरवा, स्टेशन रोड निवासी आशीष कुमार मिश्र ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि उनके पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन मुकेश कुमार और मुकेश कुमार तिवारी ड्यूटी पर थे. 27 मार्च 2026 की रात एक व्यक्ति बोतल में पेट्रोल भरवाने पहुंचा. नियमों का हवाला देकर कर्मचारियों ने पेट्रोल देने से मना किया तो वह गाली-गलौज और धमकी देकर चला गया. कुछ देर बाद जब दोनों कर्मचारी पेट्रोल पंप बंद कर पास स्थित बाबा ढाबा पर भोजन कर रहे थे, तभी राज सोनी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और चाकू से हमला कर दोनों कर्मचारियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. विवेचना के दौरान पुलिस ने 2 जुलाई 2026 को मुख्य आरोपी राज सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इसके बाद फरार चल रहे दूसरे नामजद आरोपी प्रथम सोमानी की तलाश लगातार जारी थी. गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मारूति चौराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गंभीर अपराधों में शामिल फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है. किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

















































