Gonda: घर की खिड़की बनी चोरों का रास्ता, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, चोरी का माल बरामद

Gonda: कटराबाजार थाना क्षेत्र में घर की खिड़की तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामद सामान में पीली धातु की थालियां, फूल की कटोरियां, सफेद धातु के सिक्के, गैस सिलेंडर, इन्वर्टर-बैट्री, एलसीडी, एलजी एलईडी टीवी और ग्राइंडर/मिक्सर आदि शामिल हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को कटराबाजार थाना क्षेत्र के सिरपुरवा तिलका निवासी रवि कुमार पाण्डेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान चोरी कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सुरागरसी और जांच-पड़ताल शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिरपुरवा तिलका निवासी मुल्कराज पुत्र सुनील पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया।

ALSO READ: Jaunpur: जौनपुर में तीन दिन से लापता युवक का मिला शव पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।पुलिस ने बताया कि बरामदगी में दो पीली धातु की थालियां, पांच फूल की कटोरियां, चार सफेद धातु के सिक्के, एक गैस सिलेंडर, एक इन्वर्टर मय बैट्री, एक एलसीडी, एक एलजी एलईडी टीवी तथा एक ग्राइंडर/मिक्सर आदि सामान शामिल है। आरोपी के खिलाफ थाना कटराबाजार में मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 के तहत धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अतीउल्लाह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल महेश्वरी शामिल रहीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)