गोरखपुर: गैस संकट ने बढ़ाई इंडक्शन चूल्हों की मांग, दुकानों पर स्टॉक खत्म, कीमतों में 10 से 40 प्रतिशत की उछाल

गोरखपुर : LPG सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की वजह से गोरखपुर में इंडक्शन चूल्हों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। आलम यह है कि शहर के कई इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर इंडक्शन चूल्हों का स्टॉक खत्म हो चुका है, जबकि कुछ जगहों पर बहुत सीमित मात्रा में ही उपलब्ध है।

पिछले 10 दिनों में इंडक्शन चूल्हों की डिमांड में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा सकती है।

दुकानदारों का बयान
विजय चौक स्थित रुंगटा इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक आनंद रुंगटा ने बताया,
“इंडक्शन चूल्हे की डिमांड अभी भी बहुत तेज है। हमारे पास फिलहाल लिमिटेड स्टॉक बचा हुआ है। शहर के कई दुकानों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। सबसे ज्यादा डिमांड नॉन-स्टिक और स्टिक बर्तनों के साथ इस्तेमाल होने वाले इंडक्शन चूल्हों की है।”

उन्होंने बताया कि कंपनियों के पास भी लिमिटेड प्रोडक्शन हो पा रहा है। कच्चे माल की कीमत बढ़ने और ट्रांसपोर्टेशन महंगा होने के कारण नया स्टॉक 10 से 40 प्रतिशत तक महंगा आ रहा है। पहले 2500-3000 रुपये में मिलने वाला इंडक्शन अब 4000 से 5500 रुपये तक बिक रहा है।

कंपनियों पर भी असर
आनंद रुंगटा ने कहा कि देशभर में इंडक्शन की डिमांड प्रोडक्शन कैपेसिटी से कहीं ज्यादा है। आने वाले एक-दो महीनों में कंपनियां भी इतना स्टॉक सप्लाई नहीं कर पाएंगी। कच्चे माल की आपूर्ति मिलना मुश्किल हो रहा है, इसलिए कंपनियों में स्टॉक की कमी और बढ़ेगी।

रेती इलाके की एक दुकान की कर्मचारी रागिनी यादव ने बताया कि उनके सप्लायर ने कम से कम तीन महीने का समय मांगा है। उसके बाद ही कुछ स्टॉक भेज पाएंगे। लोकल ब्रांड के प्रोडक्ट भी इन दिनों बहुत महंगे हो गए हैं।

लोगों की मजबूरी
LPG सिलेंडर न मिलने और बाजार में 600-800 रुपये प्रति किलो की दर से गैस बिकने के कारण लोग मजबूरन इंडक्शन चूल्हों की ओर रुख कर रहे हैं। कई परिवार अब इंडक्शन पर ही खाना बना रहे हैं, जिससे डिमांड में अचानक उछाल आया है।

गैस संकट ने गोरखपुर में इंडक्शन चूल्हों की मांग को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दिया है। दुकानदारों और कंपनियों दोनों के पास स्टॉक की कमी है, जिसके कारण कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।