UP: गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में चार फाटक मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर बुधवार देर रात एक भीषण हिट एंड रन हादसा हुआ। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने रॉन्ग साइड आकर स्कूटी सवार BRD मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर MBBS छात्र आकाश पांडेय को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि आकाश स्कूटी से उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग में फंस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने फॉर्च्यूनर चालक गोल्डन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह पुलिस कस्टडी में जेब में हाथ डालकर बेपरवाह नजर आ रहा है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
हादसे का विवरण
रात करीब 9:30 बजे मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर असुरन से BRD मेडिकल कॉलेज की ओर जा रही स्कूटी को रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 22 वर्षीय आकाश पांडेय (संत कबीर नगर निवासी) हवा में उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग में जा फंसे। रेलिंग में फंसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें BRD मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
आरोपी का यूपी सरकार के मंत्री से कनेक्शन
गोरखपुर –
“फूफा जी” कल आपके भतीजे गोल्डन साहनी ने फॉर्च्यूनर से जो लोग कुचले थे, उसमें आज दूसरा भी मर गया है !! https://t.co/FchTJQkFig pic.twitter.com/BvlQzwzSUv— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 6, 2026
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फॉर्च्यूनर की पहचान गोल्डन साहनी के रूप में की। गोल्डन साहनी गोरखपुर में प्रॉपर्टी कारोबार करता है और हाल ही में ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़ने की तैयारी में था। उसके कई बैनर-पोस्टर इलाके में लगे हैं और स्थानीय नेताओं-विधायकों के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। सूत्रों के अनुसार, गोल्डन साहनी मंत्री संजय निषाद का करीबी माना जाता है। आरोपी मंत्री संजय निषाद को ‘फूफा’ कहता हैं।
परिवार का दर्द और आरोप
मृतक आकाश पांडेय परिवार का इकलौता बेटा था। संत कबीर नगर में उनके घर में रो-रोकर बुरा हाल है। आकाश मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने का सपना देखता था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी का राजनीतिक कनेक्शन होने के कारण उसे बचाने की कोशिश हो सकती है। परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस कार्रवाई और जांच
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि जांच निष्पक्ष होगी और किसी भी दबाव में नहीं आएगी। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त किया गया है।



















































