गोरखपुर। रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने वाली सामाजिक संस्था नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (NIFAA) द्वारा आयोजित “संवेदना-2” राष्ट्रव्यापी रक्तदान एवं जनजागरूकता अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की ओर से सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान किया गया। वहीं विश्वविद्यालय के प्रो. विनय कुमार सिंह को नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह में देश एवं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए रक्तवीरों, समाजसेवियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मानवता की सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड सम्मान प्रदान किए गए।
गौरतलब है कि संवेदना-2 अभियान के अंतर्गत देशभर में 1,055 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसके लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सक्रिय सहभागिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। यह अभियान शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के 94वें शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा, “यह सम्मान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा-भाव का प्रतीक है। रक्तदान जैसा महादान समाज के लिए जीवनदायी है और विश्वविद्यालय सदैव ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। मैं इस अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई देती हूँ।”
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































