हाथरस: सिकंदराराऊ में रास्ते में रोककर युवक से मारपीट का आरोप, घटना CCTV में कैद, वीडियो वायरल

हाथरस: हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के पुरदिलनगर से मारपीट का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक पुरदिलनगर निवासी निर्मला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा आकाश अपने एक साथी के साथ सिकंदराराऊ के अलीगढ़ रोड स्थित एस.आर.के. होटल पर खाना खाने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गाड़ी रुकवाने के बाद आरोपियों ने आकाश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान युवक के साथ मौजूद साथी ने भी मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने युवक के साथ मारपीट जारी रखी।

Also Read: Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

मारपीट की इस घटना में आकाश घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष गुरुवार रात सिकंदराराऊ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहीं पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मारपीट की पूरी वजह और घटना के पीछे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)