संतकबीरनगर जिले में उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसके लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 12,960 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले दिन कुल 4,320 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 3,483 परीक्षार्थी ही उपस्थित हुए, जबकि 837 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह पहले दिन की उपस्थिति 80.62 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि 19.38 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
तीन दिन तक दो पालियों में होगी परीक्षा, 12,960 अभ्यर्थी होंगे शामिल
नोडल अधिकारी एवं एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 2,160 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।केंद्रवार उपस्थिति की बात करें तो हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में 960 में से 772, एचआर पीजी कॉलेज खलीलाबाद में 960 में से 784, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में 480 में से 393, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज में 480 में से 377 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद में 480-480 में से 388-388 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। संत कबीर आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज, मगहर में 480 में से 381 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना और ऑब्जर्वर अशोक कुमार वर्मा ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसओजी टीम को सक्रिय रखा गया है। इसके अलावा दो जोनल मजिस्ट्रेट, तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट और आठ क्यूआरटी टीमों की तैनाती की गई है, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।











































