21 हजार मानदेय और राज्य कर्मचारी का दर्जा… अमेठी में आशा कार्यकत्रियों का प्रदर्शन

अमेठी: मानदेय में बढ़ोतरी समेत सात सूत्री मांगों को लेकर आशा कार्यकत्रियों और संगिनियों ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

आशा कार्यकत्रियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप मानदेय नहीं मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने आशा और संगिनियों के मानदेय में तत्काल बढ़ोतरी किए जाने की मांग की।

Also Read: बेतियाहाता पर ‘एक नई आशा’ का सेवा कार्य, SP निमिष पाटिल ने सराहा प्याऊ पहल.

प्रदर्शन के दौरान सात सूत्री मांगों में आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों के लिए 21 हजार रुपये मासिक मानदेय लागू करने तथा समय-समय पर महंगाई के अनुरूप मानदेय में वृद्धि किए जाने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, अतिरिक्त कार्य के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि निर्धारित करने समेत अन्य मांगें उठाई गईं।  कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और अभियानों में वे लगातार जिम्मेदारी निभाती हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मानदेय बढ़ोतरी को लेकर लंबे समय से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।आशा कार्यकत्रियों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )