Mirzapur: यूपी के वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़री थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसौर गांव पुल के पास गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे युवकों की एक्स-यू` वी गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, वही दो लोग बाल बाल बच गए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के किटवारिया निवासी अखिल तिवारी अपने साथी शाहिल खान, कृष्ण मुरारी और सुधांशु के साथ बुधवार शाम घर से वाराणसी दर्शन करने और घूमने निकले थे। बृहस्पतिवार की सुबह सभी कार से वापस लौट रहे थे। गाड़ी अखिल तिवारी खुद चला रहे थे। जैसे ही उनकी कार वाराणसी-मार्ग मिर्जापुर पर कपसौर गांव के पास पुल पर पहुंची, तभी कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर आगे जा रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री ले गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने चालक अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल साहिल खान की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अखिल तिवारी अविवाहित थे और ठेकेदारी का काम करते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे, उनके बड़े भाई का नाम आनंद तिवारी है। मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।














