UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मेरठ (Meerut) से चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती (Shadab Jakati) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘दस रुपये वाला बिस्कुट कितने का है जी’ डायलॉग से पहचान बनाने वाले शादाब इस बार किसी वीडियो कंटेंट की वजह से नहीं, बल्कि उनके साथ काम करने वाली एक महिला और उसके पति के बीच हुए विवाद के कारण चर्चा में आए हैं। मामला इंचौली थाना क्षेत्र तक पहुंच गया, जहां महिला के पति ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
थाने पहुंचकर पति ने लगाए गंभीर आरोप
महिला के पति खुर्शीद उर्फ सोनू ने इंचौली थाने में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली जाती है और शादाब जकाती के साथ वीडियो बनाती है। उसका दावा है कि पत्नी उसकी हत्या की साजिश रच रही है। खुर्शीद ने पुलिस के सामने भावुक होकर अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की, साथ ही यूट्यूबर जकाती पर पत्नी को बहकाने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस विवाद से जुड़े पति और पत्नी के अलग-अलग वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। वायरल क्लिप्स के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
पत्नी का पलटवार
वहीं, महिला ने वीडियो जारी कर पति के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि वह शादाब जकाती के साथ काम करती है और मेहनताने से अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। महिला ने पति पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए और कहा कि वह लंबे समय से प्रताड़ित रही है। साथ ही यह भी कहा की, मेरी सैलरी की कमाई भी रख लेता है। उसने यह भी दावा किया कि पति पहले दो बार तलाक दे चुका है और अब वह खुद अलग होना चाहती है।
पुलिस जांच शुरू
यह मामला थाना इंचौली क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें सुनने के बाद जांच शुरू कर दी है। शादाब जकाती इससे पहले भी आपत्तिजनक और अभद्र वीडियो बनाने के आरोपों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं।नवंबर 2025 में एक वीडियो के मामले में, जिसमें नाबालिग बच्ची के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











































