आईपीएल के संस्थापक और विभिन्न आरोपों का सामना कर रहे ललित मोदी (Lalit Modi) ने भारत सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यह कदम उस वीडियो के सामने आने के बाद उठाया गया, जिसमें वह लंदन की एक पार्टी में किंगफिशर एयरलाइंस से जुड़े मामलों में वॉन्टेड विजय माल्या के साथ नजर आ रहे थे। वीडियो में दोनों को लेकर की गई टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी थी।
वायरल वीडियो और प्रतिक्रिया
विजय माल्या के 70वें जन्मदिन से जुड़ा एक वीडियो सामने आया था , जिसमें ललित मोदी खुद को और माल्या को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखे। वीडियो में कहा गया, ‘भारत के दो भगोड़े, चलो मिलकर इंटरनेट पर तहलका मचाते हैं।’ सोशल मीडिया पर वीडियो में दिए गए बयान पर तीखी आलोचना हुई, जिसके बाद ललित मोदी ने पोस्ट हटा दी। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दोनों से जुड़े कानूनी मामलों को सुर्खियों में ला दिया।
माफी में क्या कहा ललित मोदी ने?
I apologise if I have hurt anyone feelings especially the Indian Government who I have the highest respect and regard for. The statement was misconstrued and was never intended to be as played out. Once again my deepest apologies
— Lalit Kumar Modi (@LalitKModi) December 29, 2025
एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में ललित मोदी ने कहा कि यदि उनकी बातों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से भारत सरकार से माफी मांगते हुए कहा कि सरकार के प्रति उनके मन में सम्मान है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो को प्रसारित करने का उनका कोई इरादा नहीं था।
सरकारी रुख और आगे की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि जो भी व्यक्ति कानूनी रूप से वॉन्टेड है, उसे भारत लाने के प्रयास जारी रहेंगे और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बयान से साफ हुआ कि सरकार इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से ले रही है और अपने रुख पर कायम है।













































