UP: कैसरगंज के पूर्व सांसद और प्रभावशाली नेता बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) ने रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपनी राजनीतिक रणनीति का संकेत दिया। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि वे किसी राजघराने से नहीं, बल्कि एक किसान परिवार से आते हैं और आज जो कुछ भी हैं, वह पूरी तरह जनता की देन है। उन्होंने अपने स्वाभिमान का जिक्र करते हुए कहा कि उनका सिर केवल गरीब और ईमानदार लोगों के सामने झुकेगा, और किसी अन्य के आगे नहीं।
सांसद पद से बढ़कर जनता का समर्थन
अपने अनुभव और राजनीतिक करियर के बारे में बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वे अब सांसद पद से ऊपर हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘लोग बार-बार पूछते हैं कि चुनाव कहाँ से लड़ेंगे? मैं चुनाव और सांसद पद से ऊपर हो चुका हूँ। सांसद मेरे आगे टिकता नहीं है। मेरे अगल-बगल कितने ‘भुनगे’ (छोटे-मोटे नेता) घूमते हैं, उन्हें कोई जानता तक नहीं। आप लोगों ने मुझे उस पद से बहुत ऊपर पहुँचा दिया है।
Also Read: गोंडा: राजा भैया को लेकर बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, सोशल मीडिया पोस्ट पर जताई नाराजगी
साजिश करने वालों को देंगे जवाब
पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि उन्हें किनारे करने की कोशिशें की गईं, लेकिन जनता ने उन्हें रिटायर नहीं किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग उनके खिलाफ साजिश करेंगे, उनके लिए वे लोकसभा में फिर से कदम रखेंगे और अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, एक बार मैं खंभा जरूर गाड़ूंगा, क्योंकि जनता ने मुझे रिटायर नहीं किया है।
अगला चुनाव कहां से लड़ेंगे, यह बना सवाल
भविष्य की चुनाव रणनीति पर सवाल के जवाब में उन्होंने सस्पेंस बनाए रखा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि “कहाँ से चुनाव लडूंगा, यह भगवान जाने। जो सांसद गड़बड़ कर रहा होगा, मैं वहीं से चुनाव लड्रॅगा। जो जनता की सेवा कर रहा है, वहां से नहीं जाऊंगा। लेकिन जो लोग यह समझ बैठे हैं कि वे सौ-पचास साल के लिए सांसद हो गए हैं, उनका भ्रम जरूर तोडूंगा।









































