उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आकाशवाणी लखनऊ के 89वें स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया और कार्यक्रम को अपने हाजिरजवाबी अंदाज से सजाया।
मालिनी अवस्थी को सम्मानित करते हुए मजेदार पल
कार्यक्रम के दौरान जब लोक गायिका मालिनी अवस्थी (Malini Awasthi) को सम्मानित किया गया, तो सीएम योगी ने (CM Yogi) उनके पति और अपने सलाहकार अवनीश अवस्थी (Awanish Awasthi) की चुटकी लेते हुए सभागार को हंसी से गूंजा दिया। उन्होंने कहा कि अवस्थी जी को देखकर ही पता लग गया कि मालिनी जी का नाम जरूर होगा। उन्होंने हंसी मजाक में कहा कि ‘अगर ताली नहीं बजाएंगे तो शाम की रोटी नहीं मिलेगी’ और अवस्थी जी को मंच पर आने का सुझाव दिया।
सीएम योगी ने अवनीश अवस्थी की ली चुटकी
कार्यक्रम के उद्घोषक ने अवस्थी जी को मंच पर बुलाते हुए कहा कि किसी महिला की सफलता में पुरुष का हाथ होता है। इसे सुधारते हुए सीएम योगी ने मजेदार अंदाज में कहा कि यह उल्टा है, ‘किसी पुरुष की सफलता में महिला का हाथ होता है।’ इस पर पूरा सभागार तालियों और हंसी से गूंज उठा।
आकाशवाणी को स्वीकार करना होगा बदलाव
सीएम योगी ने कहा कि जिस दौर में पगडंडी तक भी पहुंचना मुश्किल था, वहां तक आकाशवाणी की पहुंच थी। अब बदलते दौर में इस संस्था को आवश्यक बदलाव स्वीकार करना होगा। उन्होंने आकाशवाणी की हिंदी की उपभाषाओं और भोजपुरी, अवधी, गढ़वाली, कुमाउंनी जैसी बोलियों में स्थानीय लोगों को जोड़ने वाली भूमिका की सराहना की। उन्होंने इसे मनोरंजन के अलावा ज्ञान, आस्था और लोकभाषाओं के संवर्धन का सशक्त माध्यम बताया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































