गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी और नॉनवेज…वाराणसी में मुस्लिम युवकों पर FIR

UP: वाराणसी (Varanasi) के कोतवाली थाने में पुलिस ने रमजान के दौरान गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने वाले कुछ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा था कि ये युवक नाव पर बैठकर इफ्तार कर रहे थे। शिकायतकर्ता के अनुसार इस दौरान नॉनवेज खाने की हड्डियां गंगा में फेंकी गईं, जिससे पवित्र नदी की पवित्रता को आघात पहुंचा।

भाजयुमो ने जताई नाराजगी

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने इस घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया कि युवकों ने जानबूझकर इस तरह की हरकत की, जिससे सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुँची। उनके अनुसार यह ‘जेहादी मानसिकता’ को बढ़ावा देने वाला कृत्य है और इससे जनता में आक्रोश फैलाने की कोशिश की गई।

Also Read: भरी पंचायत में दोहरा कत्ल…बरेली में सास और साले की हत्या करने वाला आरोपी ‘अफसर उर्फ बौरा’ मुठभेड़ में ढेर

सख्त कार्रवाई की मांग

भाजयुमो ने पुलिस से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। संगठन ने इसे गंभीर सार्वजनिक मुद्दा बताते हुए कहा कि गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और ऐसी हरकतों से समाज में तनाव फैल सकता है।

नाव चालक पर भी कार्रवाई

इस मामले में केवल इफ्तार करने वालों ही नहीं, बल्कि नाव चालक पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कहा कि नाव चालक का लाइसेंस रद्द किया जाए और उसे कानूनी रूप से जिम्मेदार ठहराया जाए। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर रही है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)