राजनीतिक दलों के साथ बैठक में डीएम ने जारी की अंतिम वोटर लिस्ट

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया में निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के तहत तैयार निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के विधानसभा क्षेत्र 357-बेल्थरारोड (अजा), 358-रसड़ा, 359-सिकन्दरपुर, 360- फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह तथा 363-बैरिया की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया है।

 

बताया यह मतदाता सूची 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं सभी मतदान केंद्रों पर आम जनता के निःशुल्क अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण से पूर्व नामावली में कुल 20,54,620 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण अवधि के दौरान 1,38,589 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 24,390 नाम हटाए गए। इसके बाद अंतिम रूप से प्रकाशित सूची में कुल 21,68,819 मतदाता शामिल हैं। इनमें 12,06,739 पुरुष, 9,62,008 महिला तथा 72 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की प्रतियां भी वितरित कीं।

 

उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में संबंधित केंद्रों पर जाकर अपनी प्रविष्टियों का अवलोकन अवश्य करें और किसी त्रुटि की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं।