चंदौली : चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नदेसर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार नदेसर गांव निवासी अरविंद मौर्य के पुत्र विकास मौर्य (29 वर्ष) ने मंगलवार तड़के गांव के बाहर स्थित आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और युवक का शव देख दहाड़ मारकर रोने लगे। घटना के बाद गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा रहा। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











































