वैश्विक संकट के बावजूद भारत में LPG आपूर्ति सामान्य, इंडियन ऑयल ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया

लखनऊ : इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (Indian Oil) ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बावजूद देश में एलपीजी (LPG) की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में है। घरेलू एलपीजी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और रोजाना औसतन 28 लाख सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें। मौजूदा डिलीवरी स्तर सामान्य परिस्थितियों के अनुरूप बरकरार है।

 

मुख्य बिंदु
– डिजिटल बुकिंग पर जोर: देश में 87% एलपीजी बुकिंग अब डिजिटल माध्यम (SMS, IVRS, ऐप) से हो रही है। सही डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए DAC OTP सिस्टम लागू किया गया है।
– सोशल मीडिया पर त्वरित एक्शन: उपभोक्ताओं की शिकायतों पर इंडियन ऑयल तुरंत प्रतिक्रिया दे रहा है। कंपनी ने हेल्पलाइन ईमेल भी जारी किया है।
– कालाबाजारी पर शिकंजा: एलपीजी वितरकों की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। अब तक 7,500 से ज्यादा निरीक्षण किए गए, 141 वितरकों पर कार्रवाई हुई, 5 वितरकों का लाइसेंस निलंबित किया गया। कालाबाजारी रोकने के लिए 67,822 छापे मारे गए, 855 एफआईआर दर्ज की गईं और 48,000 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए।

 

इंडियन ऑयल का संदेश
कंपनी ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक हालात के बावजूद घरेलू LPG आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। उपभोक्ताओं से अपील है कि वे नियमित रूप से बुकिंग करें, घबराकर स्टॉक न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर लें।

यह बयान उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में LPG किल्लत की अफवाहों और पैनिक बुकिंग के बाद आया है। इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति श्रृंखला मजबूत है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।