गोरखपुर। ताल नन्दौर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 16 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ स्टेडियम स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
उच्चाधिकारियों की टीम पहुंची स्थल पर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा के साथ गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता और एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने पूरे परिसर का भ्रमण कर निर्माण गतिविधियों को निकट से देखा।
डीएम के सख्त निर्देश: तेजी और गुणवत्ता दोनों जरूरी
निरीक्षण के दौरान डीएम दीपक मीणा ने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
डीएम ने मंच, दर्शक दीर्घा, पिच क्षेत्र, ड्रेसिंग रूम, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए हर व्यवस्था चाक-चौबंद हो।
393 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना
ताल नन्दौर में बन रहा यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है। लगभग 50 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस स्टेडियम में 30,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
परियोजना के तहत 11 पिचें, आधुनिक ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन सुविधाएं और करीब 1500 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। यह स्टेडियम पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
सीएम योगी के संभावित दौरे से पहले इस निरीक्षण को तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमी और खेल प्रेमी इस स्टेडियम के जल्द पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।










































