UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गोरखपुर (Gorakhpur) की इशिता शर्मा (Ishita Sharma) ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 26 हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने परिवार और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। इशिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने भाई आशुतोष शर्मा को दिया, जिन्होंने उन्हें लगातार प्रेरित किया और तैयारी के दौरान सही मार्गदर्शन प्रदान किया। खास बात यह है कि उन्होंने अधिकांश तैयारी घर से ही की और किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया।
परिवार का मिला पूरा सहयोग
इशिता के पिता दिनेश शर्मा ग्रामीण बैंक से सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर हैं, जबकि उनकी माता अर्चना शर्मा गृहिणी हैं। उनकी माता ने भी उच्च शिक्षा प्राप्त की है और एमए तथा एलएलबी की डिग्री हासिल की हुई है। परिवार ने इशिता की पढ़ाई और UPSC की तैयारी में हर कदम पर साथ दिया। इशिता का कहना है कि माता-पिता के समर्थन और भाई के मार्गदर्शन ने उनकी तैयारी को मजबूत बनाया और कठिन समय में उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
Also Read: UP: बलिया की बेटी शिक्षा पाठक का कमाल, UPSC में 453वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
शिक्षा से ही रखी मजबूत नींव
इशिता की शुरुआती पढ़ाई गोरखपुर के सरस्वती शिशु मंदिर, रेल विहार से कक्षा 1 से 5 तक हुई। इसके बाद उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुराजकुंड से कक्षा 6 से 12 तक शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2013 में हाई स्कूल और 2015 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय का रुख किया, जहां से 2018 में बीकॉम और 2020 में एमकॉम की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान उनका शैक्षणिक प्रदर्शन अच्छा रहा, जिसने UPSC की तैयारी के लिए मजबूत आधार तैयार किया।
लगातार प्रयास से मिली मंजिल
इशिता ने UPSC की तैयारी मुख्य रूप से सेल्फ-स्टडी, ऑनलाइन संसाधनों और भाई के मार्गदर्शन से की। यह उनका चौथा प्रयास था, जिसमें उन्होंने सफलता हासिल की। इससे पहले के प्रयासों में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी रणनीति में सुधार करते हुए आगे बढ़ती रहीं। दिलचस्प बात यह है कि UPSC में सफलता मिलने से लगभग एक महीने पहले ही उनका चयन जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर हो चुका था। इशिता की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहरों या सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )












































