Jaunpur: 27 अगस्त रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के निर्देश पर विभागीय टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दुकानों और प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
जानिए क्या है पूरा मामला?
अभियान के तहत 26 अगस्त को तेजी बाजार बदलापुर स्थित कोलकाता स्वीट हाउस से पेड़ा, वाजिदपुर तिराहा आजमगढ़ रोड स्थित चटोरी रेस्टोरेंट से मंचूरियन, औवार केराकत स्थित डेयरी यूनिट से पनीर और जलालपुर चौराहा स्थित दुकान से डोडा बर्फी का नमूना लिया गया।
ALSO READ: UP: अमेठी में राखी बंधवाने के बाद जेन-अल्फा से डीएम ने किया संवाद
इसके अलावा कबीरुद्दीनपुर धर्मापुर स्थित साई डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू, खोया और छेना के नमूने संग्रहित किए गए। इस तरह विभाग ने कुल सात नमूने जांच के लिए लिए हैं। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। विभाग के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और संबंधित विनियमावली-2011 के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































