संसद के बजट सत्र का आज दूसरा फेज शुरू हुआ, जो 13 मार्च को अब खत्म होगा संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज के पहले दिन लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग को लेकर सपा समेत तमाम विपक्षी दलों ने हंगामा किया। जमकर नारेबाजी की। दरअसल, कांग्रेस समेत विपक्ष के 118 सांसदों ने 10 फरवरी को लोकसभा सचिवालय को साइन किया नोटिस सौंपा था। आरोप लगाया था कि स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं बरत रहे हैं। विपक्ष को पर्याप्त मौका नहीं दे रहे हैं।
इस पर संसद भवन परिसर में मीडिया से बता करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा- अभी फ्लोर लीडर्स की बैठक होगी, जिसके बाद तय होगा कि आगे कैसे बढ़ें। उन्होंने खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को लेकर मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा- हमारी विदेश नीति को भाजपा सरकार ने गिरवी रख दिया है। महंगाई बढ़ती जा रही है। हमारे जो लोग विदेश में फंसे हुए हैं उनके लिए भारत सरकार क्या कर रही है?अखिलेश यादव ने कहा, अमेरिका तय कर रहा है कि हमें किससे तेल खरीदना चाहिए। इस पर बहस होनी चाहिए। भारत की विदेश नीति पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।”
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा- लोकसभा स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव तो आ रहा है, लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी यह है कि ईरान और अमेरिका के बीच जो जंग छिड़ी है, उसमें भारत कहां खड़ा है, हमारी नीति क्या कहती है, हमारा विदेश मंत्रालय क्या कह रहा है। जिस तरह से वह अभी भी अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है, ऐसे कई जरूरी मुद्दे इस सेशन में उठेंगे।
वहीं, भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा- इस बार हमें उम्मीद थी कि कुछ अच्छा होगा। विपक्ष प्रस्ताव तो लेकर आया है, अब देखते हैं क्या होता है। भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा- हमारा विश्वास, हमारी पार्टी का विश्वास, हमारे लोकसभा अध्यक्ष में है। विपक्ष को जो बोलना है, बोलता रहे।
विदेश मंत्री द्वारा संसद में पश्चिमी एशिया में मौजूदा स्थिति पर सरकार की तरफ से दिए जाने वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, “परंपरा ये रही है कि जब सदन के अंदर कोई बयान दिया जाता है तब विपक्ष का अधिकार होता है कि स्पष्टीकरण पूछे। लेकिन ये सरकार कभी भी स्पष्टीकरण के लिए तैयार नहीं होती इसलिए इस तरह का बयान मायने नहीं रखता।”
INPUT-ANANY MISHRA














































