लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) के निघासन-ढखेरवा हाईवे पर सोमवार रात करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
तिलक समारोह में जा रहे थे पिता-पुत्र
रकेहटी निवासी दीनबंधु गौतम उर्फ मरीज (50) पुत्र नोखे अपने पुत्र छोटू (20) के साथ बाइक से तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वे लालपुर के मजरा मंझलीपुरवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।
धर्मकांटा के पास हुआ हादसा
रकेहटी और निघासन के बीच सूरजपुर धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दीनबंधु सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
Also Read: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण बस हादसा, 21 यात्री गंभीर रूप से घायल, 5 की मौत
पूर्व प्रधान ने दी सूचना
घटना के दौरान उधर से गुजर रहे रकेहटी के पूर्व प्रधान अजय गुप्ता ने तुरंत रुककर पुलिस, एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही निघासन कोतवाल महेशचंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घायल जिला अस्पताल रेफर
पुलिस ने घायल छोटू को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर ट्रॉली की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। हादसे से तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।












































