जसवंतनगर : नगर पालिका परिषद में जमीन आवंटन को लेकर शुक्रवार देर शाम बड़ा विवाद खड़ा हो गया. नहर पुल के समीप स्थित पालिका की भूमि पर 30 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें से 18 दुकानों का आवंटन पूरा कर लिया गया था.
इसी बीच आवंटन प्रक्रिया में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाते हुए सभासदों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और नाराज सभासदों ने जमकर हंगामा किया. विरोध के दौरान सभासदों ने पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे कामकाज ठप हो गया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, वहीं मामले की जांच की मांग भी तेज हो गई है.
“नियमों की अनदेखी कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया गया”
सभासदों का आरोप है कि आवंटन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया गया है. उन्होंने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































