गोरखपुर : गोरखपुर महानगर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए शहर में कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 17,832 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें लगभग 14,800 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
व्यापक इंतजाम, शान्तिपूर्ण माहौल
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। केंद्रों के बाहर यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने कहा, “परीक्षा केंद्रों पर जहां कहीं भी व्यवस्थाओं को लेकर कोई शिकायत मिली है, उसकी जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
Also Read : गोरखपुर एयरपोर्ट पर लगा आयुष्मान आरोग्य शिविर, उप महानिदेशक ने किया उद्घाटन
सख्त निगरानी, नकल पर सख्ती
प्रशासन की ओर से परीक्षा की लगातार निगरानी की गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना न हो सके। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी व्यवस्थित तरीके से केंद्रों से बाहर निकले।
“परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है। व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत मिलने पर जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।” : गजेंद्र कुमार, एडीएम सिटी, गोरखपुर











































