मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक जारी, हमले में दूसरी महिला की मौत

मुरादाबाद: जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बलिया गांव में चारा लेने गई करीब 50 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में तेंदुए के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले संतोष नाम की महिला की भी तेंदुए के हमले में मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों पर तेंदुए हमला कर चुके हैं।

Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल

वन विभाग की ओर से अब तक 6 तेंदुओं को पकड़े जाने की बात सामने आई है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अभी भी कई तेंदुए मौजूद हैं। लगातार हो रहे हमलों के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, घटना के बाद वन विभाग के खिलाफ भी ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।

मृतका के परिजनों ने सरकार से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल वन विभाग और प्रशासन की टीम इलाके में निगरानी कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)