पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और भवानीपुर सीट से दिलचस्प मुकाबला सामने आ रहा है। शुरुआती रुझानों में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आगे निकलते दिखाई दिए। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सीसीटीवी सिस्टम में गड़बड़ी हो रही है और प्रक्रिया प्रभावित की जा रही है।
सुवेंदु अधिकारी का बयान
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने तीखा बयान दिया और कहा कि, ‘उनको रोने दीजिए, खत्म पूरा खत्म।’ शुरुआती रुझानों पर पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ‘सभी हिंदू नरेंद्र मोदी के पक्ष में एकजुट हैं। चार दौर की मतगणना के बाद बीजेपी अपनी सरकार बना रही है। हिंदू ईवीएम का मतलब भाजपा है, मुस्लिम ईवीएम का मतलब टीएमसी है, सिवाय मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर के, जहां लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है।’
राज्यभर में भाजपा को बढ़त, टीएमसी पीछे
अब तक के रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। पार्टी लगभग 148 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस करीब 78 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, वाम दल और कांग्रेस इस चुनाव में खास प्रभाव नहीं दिखा पाए हैं। राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ था, पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को संपन्न हुआ था।














































