Lucknow: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने सोमवार को लखनऊ के चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का अचानक निरीक्षण किया। डिप्टी सीएम करीब 54 मिनट तक अस्पताल परिसर में रहे और सभी विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने अस्पताल के प्रभारी अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
दवा वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
ब्रजेश पाठक सबसे पहले दवा वितरण काउंटर के बाहर लगी लाइन में खड़े होकर मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और उनकी शिकायतों को ध्यान में रखते हुए दवा वितरण प्रक्रिया को और व्यवस्थित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
वार्ड और अन्य विभागों की भी की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने पर्चा काउंटर, ओपीडी कक्ष, वार्ड और अन्य विभागों का भी दौरा किया। उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग कमरों में जाकर सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक पाईं, लेकिन कई जगह खामियां भी सामने आई। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
अधिकारियों को कड़ी हिदायत
डिप्टी सीएम ने अव्यवस्थाओं को लेकर अस्पताल प्रभारी को मौके पर ही फटकार लगाई और कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कमियों को तुरंत दूर किया जाए और नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया जाए।











































