‘भागवत गो बैक’ के नारे से गूंजा लखनऊ विश्वविद्यालय,एनएसयूआई के छात्रों ने संघ प्रमुख के विश्वविद्यलय पहुंचने के विरोध में प्रदर्शन किया

लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) का परिसर बुधवार को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। मौका था विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित शोधार्थी संवाद कार्यक्रम का, जिसमें आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत शिरकत करने पहुँचे थे। लेकिन उनके आने से पहले ही एनएसयूआई, समाजवादी छात्र सभा और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कैंपस में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सुबह करीब 10:30 बजे जैसे ही कार्यक्रम शुरू होने वाला था, बड़ी संख्या में छात्र कैशियर ऑफिस के पास जमा हो गए। हाथों में तख्तियां लिए छात्र ‘गो बैक’ के नारे लगा रहे थे। जब छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हुई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं ने सीधे तौर पर संघ और विश्वविद्यालय प्रशासन को निशाने पर लिया। छात्रों की मुख्य मांगें और आरोप कुछ इस प्रकार थे।

पुलिस ने जब छात्रों को रोकने की कोशिश की, तो नोकझोंक और खींचतान शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को ठूंस-ठूंसकर जीप और बसों में भरा। कई छात्र लेट गए, तो उन्हें टांगकर ले जाया गया। सभी छात्रों को इको गार्डन भेजा गया। इसके बाद मोहन भागवत का कार्यक्रम शुरू हुआ।

Also read:‘हाथी की मस्त चाल’बीएसपी अकेले 2027 का लड़ेगी चुनाव,गठबंधन की अटकलों पर विराम, मायावती दिल्ली में टाइप 8 बंगला मिलने की बताई सच्चाई

छात्रों का कहना था कि यूजीसी के विवादित फैसलों पर जब सुप्रीम कोर्ट ने स्टे दिया है, तो संघ प्रमुख इस मुद्दे पर अपना रुख साफ क्यों नहीं कर रहे? प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शैक्षणिक संस्थानों में जबरन एक खास विचारधारा थोपी जा रही है, जो शिक्षा की गरिमा के खिलाफ है। समाजवादी छात्र सभा और अन्य संगठनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया।

छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय के हॉल और सभागार के ताले सिर्फ आरएसएस और एबीवीपी (ABVP) के कार्यक्रमों के लिए ही खुलते हैं। आरोप है कि जब दूसरे छात्र संगठन किसी चर्चा या सेमिनार के लिए हॉल मांगते हैं, तो उन्हें नियमों का हवाला देकर मना कर दिया जाता है, लेकिन सत्ता के दबाव में संघ के आयोजनों के लिए सारी सुविधाएं दे दी जाती हैं

छात्रों के प्रदर्शन से पहले ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई थी। प्रदर्शन में शामिल होने की आशंका पर पुलिस सुबह 5 बजे ही समाजवादी छात्र सभा के सदस्य तौकील गाजी के हॉस्टल के रूम पर पहुंच गई। उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। समाजवादी छात्र सभा के कई अन्य सदस्यों को हिरासत में ले लिया। उन्हें हसनगंज थाना ले गई।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)