UP: गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में एक टीटीई ने युवती के साथ अश्लीलता और रेप की घटना को अंजाम दिया। घटना की शिकायत मिलने के बाद गोरखपुर रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गोरखपुर के एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी टीटीई राहुल कुमार, जो एनईआर के वाराणसी डिवीजन में तैनात है, फिलहाल फरार है। उसके गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
सीट दिलाने के बहाने किया शोषण
जानकारी के अनुसार, पीड़िता एनसीसी कैडेट युवती थी और मऊ में ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने गई थी। लौटते समय ट्रेन में भीड़ ज्यादा होने के कारण वह टिकट नहीं ले पाई थी और खड़े होकर यात्रा कर रही थी। आरोपी टीटीई ने उसे एसी कोच में सीट दिलाने के बहाने केबिन में बुलाया और वहां पहले सामान्य बातचीत की।युवती ने बताया कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। उसके बाद आरोपी ने अश्लील हरकतें शुरू की और फिर दुष्कर्म किया। जब युवती ने विरोध किया, तो टीटीई ने बिना टिकट यात्रा का मामला बनाकर कार्रवाई करने की धमकी दी।
पुलिस जांच शुरू
घटना के दौरान पीड़िता ने शोर मचाया और 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया। जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विभाग ने बर्खास्तगी के लिए भेजा पत्र
एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी टीटीई को बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयासरत है। पीड़िता फिलहाल गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है।












































