Saharanpur: थाना सदर बाजार पुलिस ने धोखाधड़ी के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अनुचित लाभ प्राप्त करने के संबंध में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट रोड स्थित गिल कॉलोनी तिराहे के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, ग्राम शेखपुर छाछरेकी निवासी सम्राट सिंह की तहरीर पर 10 मार्च 2025 को थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में संदीप कुमार पुत्र शीशपाल उर्फ शशिपाल सिंह निवासी ग्राम करील, पोस्ट सोनई, थाना मुरसान, जिला हाथरस के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि पंजाब नेशनल बैंक, सिविल लाइन, सहारनपुर से संबंधित मामले में फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी के माध्यम से अनुचित लाभ प्राप्त किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नेमचन्द सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
ALSO READ: Hathras में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, तीन घायल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया बताई है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गागलहेड़ी थाने में वर्ष 2021 और 2023 में मारपीट, लूट/बरामदगी, आयुध अधिनियम तथा धोखाधड़ी से संबंधित कुल चार मुकदमे दर्ज रहे हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नेमचन्द सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सहित हेड कांस्टेबल सोहित कुमार, अरुण कुमार, प्रवीण त्यागी और रिजर्व कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।














