बहराइच में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे युवक से मारपीट, सिर पर आई गंभीर चोट, जान से मारने की धमकी का आरोप

बहराइच: नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गोड़ियन टोला निवासी एक युवक ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित कृष्णा कश्यप ने नानपारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कृष्णा कश्यप पुत्र कल्लू कश्यप के मुताबिक, उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले खैरीघाट थाना क्षेत्र के लौकीडीहा (शिवपुर बाजार) निवासी नीलम के साथ हुई थी। करीब एक महीने पहले पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद नीलम अपने पिता के साथ मायके चली गई थी। आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से रक्षाबंधन के बाद पत्नी को ले जाने के लिए कहा गया।

पीड़ित के अनुसार, जब उसकी मां और बड़ा भाई रोहित नीलम को लेने उसके मायके पहुंचे तो वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आईं। इसके बाद दोनों किसी तरह वापस घर लौट आए।

Also Read: Raebareli: रायबरेली में आकाशीय बिजली ने छीन ली जिंदगी, शौच के लिए निकले भोला की मौके पर मौत

कृष्णा का आरोप है कि बाद में वह खुद पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। वहां कल्लू कश्यप, उनकी पत्नी कामिनी और नीलम ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर उसका पीछा करते हुए नानपारा मछली मंडी के पास तक पहुंच गए। इससे वह और उसका परिवार डरा हुआ है। कृष्णा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)