Mathura: महापंचायत कर सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने का लिया संकल्प

Mathura: कोसीकलां छाता क्षेत्र के पांच पालों की महापंचायत बुधवार को कोकिलावन स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में आहूत की गई । महापंचायत में 52 पालों के अध्यक्ष पदम बाबूजी और कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पंचायत में जाट समाज में बढ़ रही सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। महापंचायत में शादी-विवाह सहित अन्य सामाजिक आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर समाज के लोगों ने सहमति जताई।

जानिए क्या है पूरा मामला?

शादी में डीजे पर रोक, लगन-सगाई कार्यक्रम में दो से अधिक व्यक्तियों के शामिल न होने, शादी में पैसे के लेनदेन और दहेज प्रथा पर रोक लगाने पर जोर दिया गया। साथ ही सवा तोले सोने या 100 ग्राम चांदी से अधिक आभूषण अथवा सामान न देने की बात कही गई। समाज में मृत्यु के बाद होने वाले मृत्यु भोज पर रोक, शराबबंदी तथा किसी व्यक्ति के निधन के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पांच से अधिक लोगों के एक साथ न जाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। महापंचायत में मौजूद लोगों ने सामाजिक सुधार के इन निर्णयों को समाजहित में बताते हुए अपनी सहमति व्यक्त की।

ALSO READ: Saharanpur: सहारनपुर में गरजे अखिलेश यादव, बोले- 2027 में सपा सरकार तय, 24 घंटे में गन्ना भुगतान और अग्निवीर व्यवस्था होगी खत्म

पंचायत में बताया गया कि 6 सितंबर को हरियाणा के मिडकोला में 52 पालों की विशाल महापंचायत आयोजित होने जा रही है। इसमें विभिन्न पालों की सरदारी एक मंच पर एकत्र होकर सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने पर चर्चा करेगी। महापंचायत में कुमर चंद रावत, जगपाल चौधरी, नरदेव चौधरी, भीम सिंह, फैली प्रधान, देवेंद्र चौधरी, जयवीर सिंह, उधम सिंह एडवोकेट, प्रीतम सिंह, विवेक चौधरी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)