मथुरा: आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और आम जनमानस तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मथुरा ने प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से चार विशेष प्रचार वाहनों को जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला जज और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार ने वाहनों को रवाना करते हुए कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण का सबसे सशक्त माध्यम है। इससे न केवल आम आदमी को त्वरित न्याय मिलता है बल्कि अदालतों पर लंबित मुकदमों का बोझ भी कम होता है। उन्होंने आम लोगों से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
Also Read: हाथरस में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा तैयार किए गए ये चार प्रचार वाहन अगले दो दिनों तक मथुरा शहर के साथ-साथ पूरे जनपद के तहसील, ब्लॉक और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। वाहनों पर लगे लाउडस्पीकर और बैनरों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि किन-किन प्रकार के मुकदमों का निस्तारण लोक अदालत में किया जा सकता है।प्रचार वाहनों के साथ प्राधिकरण के कर्मचारी और पराविधिक स्वयंसेवक (पैरा लीगल वॉलंटियर्स) भी साथ-साथ चल रहे हैं, जो लोगों को पंफलेट बांटकर और चौपाल लगाकर लोक अदालत के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनीता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, एनआई एक्ट, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी के बिल, मनरेगा और अन्य सिविल मामलों का सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।उन्होंने आम जन से अपील की कि जिनके भी मामले न्यायालय में लंबित हैं, वे अपने मुकदमे को चिन्हित कराकर 12 सितंबर को स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने वाद का निस्तारण करा सकते हैं।
इस अवसर पर अपर जिला जज अजय पाल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनीता सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, बार एसोसिएशन मथुरा के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, सचिव मनोज शर्मा और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)



















































