उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल सलीम चतुर्वेदी को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मौलाना बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट के रहने वाले हैं, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया।
बिहार से गिरफ्तारी
बिहार में अमौर सीट से अख्तरुल ईमान ने सोमवार को मौलाना की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मौलाना को उनके ही विधानसभा क्षेत्र से पकड़ा गया है। मौलाना का संबंध पहले AIMIM से भी बताया जा रहा है। अख्तरुल ईमान ने कहा कि शुरुआत में जानकारी मिली थी कि कुछ लोग मौलाना को अपने साथ ले गए हैं, जिससे किडनैपिंग की आशंका जताई गई। हालांकि बाद में यूपी STF से बातचीत में स्पष्ट हुआ कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है।
विवादित बयान के बाद बढ़ा मामला
मौलाना अब्दुल सलीम पर आरोप है कि उन्होंने रमजान के दौरान योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। 6 मार्च को इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश में कई हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में बलरामपुर में केस भी दर्ज किया गया था।
मौलाना की सफाई
जहां एक ओर बिहार पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी से इनकार किया है, वहीं मौलाना ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने दावा किया कि उनका पुराना बयान एडिट कर गलत तरीके से वायरल किया गया है और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। समर्थकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है।
















































