मिर्ज़ापुर: बाढ़ की विभिषिका जारी, पानी के बीच फंसे खोचवा मजरे के लोग, मदद के लिए पहुंची एसडीआरएफ टीम

मिर्ज़ापुर: बीती रात से हो रहे मूसलाधार बारिश और मेजा व अदवा बांध के गेट खोले जाने से हलिया क्षेत्र की नदियां उफान पर आ गईं हैं। बेलन और सिकरार नदी की तेज धाराओं ने बरौंधा चौकी क्षेत्र के दिघुली खोचवा मजरे को चारों ओर से घेर लिया। जलभराव के बीच कई लोग फंस गए। सूचना पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मोटरबोट लेकर मौके पर पहुंचे।

Also Read: UP: 43 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, रुपये मांगने पर दी थी जान से मारने की धमकी

तेज बहाव के बीच ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पानी बढ़ता देख गांव के कई लोग किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। जबकि बच्चे और अन्य ग्रामीण जलधारा के बीच फंस गए। एसडीआरएफ की टीम ने मोटरबोट के सहारे आशा देवी, अंकिता, सहदेवा, श्याम कुमारी, मीना, रमिता और पूनम पाल समेत अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान पैर फिसलने से गिरकर पैर में चोट लगने वाले जवाहर को भी मोटरबोट के जरिए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया।

Also Read: देवरिया : खाद्य मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण, बिना लाइसेंस वाले संचालकों को नोटिस

जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी की और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए। बचाव अभियान के दौरान बरौंधा चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सदानंद तिवारी समेत चौकी की अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौजूद रही। पूर्व प्रधान राजेश कुमार मिश्रा और महेश तिवारी ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। चारों तरफ पानी से घिरे मजरे में मोटरबोट के जरिए लोगों को सुरक्षित निकाले जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)