हाथरस में थार सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे दो युवक, 4 आरोपी गिरफ्तार

हाथरस: हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव बसगोई में उस वक्त दहशत फैल गई, जब थार कार सवार बदमाशों ने दो युवकों को जान से मारने की नीयत से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दोनों युवक बदमाशों की गोलियों से बचते हुए मौके से भाग निकले।

बताया जा रहा है कि थार कार सवार बदमाशों ने तमंचे और पिस्टल से लगातार कई राउंड गोलियां चलाईं। अपनी जान बचाने के लिए दोनों युवक भागकर अपने घर की तरफ पहुंचे। इस दौरान बदमाशों की गोलियां घर के गेट और दीवार पर भी लगीं। गोलियों के निशान और मौके पर पड़े कारतूसों के खाली खोखे घटना की गंभीरता बयां कर रहे हैं।

ALSO READ: Ballia: बार्डर बचाऊं या अपना घर? जम्मू कश्मीर में तैनात फौजी का छलका दर्द, बलिया में 40 लाख की चोरी, पुलिस के हाथ खाली

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद सामने आए वीडियो में मौके पर कारतूसों के खाली खोखे दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित युवकों ने मामले को लेकर सासनी पुलिस से शिकायत की है। सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी के मुताबिक शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार रात को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और फायरिंग की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे

फिलहाल गांव में हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में फायरिंग की असली वजह क्या सामने आती है और इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।

क्षेत्राधिकारी सदर ने जानकारी देते हुए बताया की एसओजी टीम व थाना सासनी पुलिस की संयुक्त कार्यवाही मे ग्राम बसगोई मे हुई फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने वाले 04 आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके कब्जे से घटना मे प्रयुक्त 01 थार गाडी, 02 तमंचे 315 बोर व 10 जिन्दा कारतूस व 02 खोखा कारतूस 315 बोर आदि की बरामदगी की गई है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है