यूपी के महोबा (Mahoba) जिले में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) के दौरे के दौरान राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया, जब चरखारी से बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत (MLA Brijbhushan Rajput) और उनके समर्थकों ने जल आपूर्ति की बदहाली को लेकर कड़ा विरोध जताया। जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में अब तक पानी न पहुंचने और पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने से नाराज विधायक और ग्राम प्रधानों ने मंत्री के कार्यक्रम में जमकर हंगामा किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
काफिला रोके जाने से बढ़ा विवाद
30 जनवरी 2026 को महोबा पहुंचे मंत्री के काफिले को रामश्री महाविद्यालय के पास विधायक ब्रजभूषण राजपूत के समर्थकों, करीब 100 ग्राम प्रधानों ने रोक लिया। आरोप था कि ठेकेदारों ने सड़कों को खोदकर छोड़ दिया, जिससे गांवों में आवाजाही मुश्किल हो गई है। इस दौरान समर्थकों और पुलिस अधिकारियों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे अफरातफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख मंत्री स्वयं विधायक को साथ लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की गई।
विधायक का तीखा आरोप, अधिकारियों पर सवाल
ब्रेकिंग ट्यूब लाइव से बातचीत में विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर घर नल योजना बुंदेलखंड के लिए वरदान साबित होनी थी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कागजों में झूठे आंकड़े दिखाकर महोबा को अव्वल बताया गया, जबकि कई गांव आज भी पानी को तरस रहे हैं। विधायक ने मांग की कि अधिकारियों के साथ गांवों में जाकर मौके पर निरीक्षण किया जाए और यदि आंकड़े गलत साबित हों तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो। विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री से कहा कि अगर 10 दिनों में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ (जैसे सड़कें ठीक करना, पानी पहुंचाना आदि), तो वे आंदोलन करेंगे, लखनऊ जाएंगे, और मंत्री को “छोड़ेंगे नहीं” क्योंकि यह पीएम मोदी की योजना है।
मंत्री का बयान, मीडिया से दूरी
घटना के बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने झांसी में मीडिया से बात करते हुए महोबा विवाद पर टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई घटना नहीं हुई और इस विषय पर वे कोई जवाब नहीं देंगे। मंत्री के इस रवैये के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं, जबकि विधायक ने साफ कर दिया है कि यदि काम नहीं हुआ तो वे जनता के हित में आंदोलन जारी रखेंगे।















































