मोबाइल टावर चोरी गिरोह का भंडाफोड़, अलीनगर पुलिस ने 2 शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

चंदौली : अलीनगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है।

यह कार्रवाई ग्राम सदलपुरा स्थित एक मोबाइल टावर से कीमती कार्ड और उपकरण चोरी होने की घटना के बाद शुरू हुई। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की थी।

जांच के दौरान स्वाट टीम और सर्विलांस की मदद ली गई। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई, जिससे पुलिस को उनकी धरपकड़ में सहायता मिली।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गोधना अंडरपास के पास छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मनीष कुमार (25 वर्ष), निवासी बहुआर, थाना जमालपुर, मिर्जापुर, और कमलेश पटेल (29 वर्ष), निवासी सरैया कमरहट्टा, थाना पड़री, मिर्जापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 03 अंजना नोकिया टावर उपकरण, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है, बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, 02 मोबाइल फोन (वीवो और सैमसंग) और 250 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

Also Read: UP: कानपुर किडनी कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी डॉ. रोहित गिरफ्तार, दिल्ली से संचालित कर रहा था नेटवर्क

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मोबाइल टावरों से कीमती कार्ड और उपकरण चुराते थे। चोरी के सामान को वे बस के माध्यम से दिल्ली ले जाते थे, जहां अपने साथियों को एक कार्ड लगभग 30,000 रुपये में बेच देते थे। चोरी के पैसों का भुगतान उन्हें ऑनलाइन (यूपीआई) और नकद दोनों तरीकों से मिलता था।

दोनों अभियुक्तों के खिलाफ चंदौली और सोनभद्र जिलों में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह लंबे समय से मोबाइल टावरों को निशाना बना रहा था।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें कई उपनिरीक्षक और कांस्टेबल शामिल थे।

Also Read : ‘बिना डिग्री के 13 किडनी ट्रांसप्लांट और 2 की मौत…’, कानपुर किडनी ट्रांसप्लांट कांड में OT मैनेजर अली ने खोले बड़े राज

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।