चंदौली : चंदौली जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ बाराबंकी निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने यह सफलता हासिल की।
Also Read: मथुरा में बड़ी कार्रवाई! शराब ठेके पर हमला करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मुगलसराय थाना पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान सब्जी के झोले में सब्जियों के नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगाराम वर्मा (पुत्र स्व. सूरज लाल) और नीरज वर्मा (पुत्र राम प्रसाद वर्मा) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम नेउला, थाना मसौली, जिला बाराबंकी के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बाराबंकी से हेरोइन लेकर आए थे और इसे पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 165/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने उनके पास से दो रियलमी मोबाइल फोन, 240 रुपये नकद, एक सब्जी का झोला और सब्जियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































