Muzaffarnagar: महिला के लापता होने का मामला, आरोपी पर धर्मांतरण समेत धाराओं में केस

Muzaffarnagar: जनपद मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से दो बच्चों की मां के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और उसके बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर धर्मान्तरण समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, महिला के परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया था कि 23 अगस्त को सहारनपुर के नांगल क्षेत्र का रहने वाला एक युवक महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से हिंदू संगठनों की ओर से महिला की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही थी। बताया गया कि स्वामी यशवीर महाराज ने करीब चार दिन पहले इस मामले को उठाते हुए महिला की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद शाहपुर पुलिस ने मामले में सक्रियता दिखाते हुए महिला और उसके बच्चों को बरामद कर लिया।

ALSO READ: Jaunpur: जौनपुर में छत के रास्ते घर में घुसे चोर, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर धर्मान्तरण सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की जा रही है। परिजनों और हिंदू संगठनों ने महिला और उसके बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह का आभार जताया है। वहीं, इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों का कहना है कि महिलाओं और युवतियों को बहला-फुसलाकर या किसी भी तरह के दबाव में फंसाने की कोशिशों के खिलाफ समाज को सजग रहने की जरूरत है। संगठनों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और ऐसे मामलों में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होना जरूरी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद महिला और उसके बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)