UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जो एक व्यापारी से दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
व्यापारी की शिकायत पर हुई थी कार्रवाई
4 मार्च को पटेलनगर निवासी व्यापारी राजीव जैन ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उन्हें मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और सुरक्षा के बदले दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
Also Read:सुल्तानपुर: डायल 112 सिपाही पर महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बदमाश बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। पुलिस को देखकर बदमाश जंगल की ओर भागे और पेड़ों के पीछे छिपकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने लगातार फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ और दूसरा कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
जेल में हुई थी हत्या की सुपारी की चर्चा
घायल बदमाश की पहचान प्रताप चौधरी उर्फ ‘बदमाशों का देवता’ निवासी हुसैनपुर के रूप में हुई, जबकि उसके साथी रवि उर्फ सूटर बाखरपुर, बागपत से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुपारी लेकर हत्याएं करते हैं। प्रताप ने खुलासा किया कि जेल में उसकी मुलाकात अतुल कुमार से हुई थी, जिसने व्यापारी राजीव जैन की हत्या के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस अब पूरे गिरोह और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































