Bihar Politics: नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है। उनके स्थान पर सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। अब वे बुधवार सुबह 11 बजे बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। यह बदलाव राज्य की सियासत में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
विरासत से मिली सियासत की सीख
सम्राट चौधरी को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता शकुनी चौधरी बिहार के कद्दावर ओबीसी नेताओं में गिने जाते थे और उन्होंने कांग्रेस, समता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल जैसे दलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी मजबूत राजनीतिक पृष्ठभूमि ने सम्राट चौधरी को शुरुआती बढ़त दी।
युवा उम्र में मंत्री बनने का रिकॉर्ड
सम्राट चौधरी ने 1990 के दशक में राजनीति में कदम रखा और बेहद कम उम्र में पहचान बना ली। 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में वे सबसे युवा मंत्रियों में शामिल हुए। हालांकि उम्र को लेकर विवाद के चलते उन्हें पद छोड़ना पड़ा, लेकिन यह उनके राजनीतिक करियर की मजबूत शुरुआत साबित हुई।
दल बदल और नई दिशा
राजनीतिक सफर में उन्होंने कई दलों का रुख किया। आरजेडी छोड़कर वे जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हुए और जीतन राम मांझी की सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। बाद में नीतीश कुमार के नेतृत्व में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला, जिससे उनका मोहभंग हुआ और उन्होंने जेडीयू छोड़ दी।
Also Read: Bihar Politics: सम्राट चौधरी के बिहार के नए गृह मंत्री, ढाई दशकों में पहली बार
बीजेपी में मिला सियासी कद
2018 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद सम्राट चौधरी का राजनीतिक ग्राफ तेजी से बढ़ा। उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं और बाद में वे प्रदेश अध्यक्ष भी बने। 2022 में राजनीतिक परिस्थितियों के बीच वे विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बने और फिर उपमुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री पद तक का सफर
सम्राट चौधरी का कद भाजपा में तेजी से बढ़ा और वे राज्य की राजनीति में एक मजबूत ओबीसी चेहरे के रूप में उभरे। कभी नीतीश कुमार के विरोधी रहे सम्राट अब सत्ता के केंद्र में हैं। महज आठ वर्षों में भाजपा में उन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का सफर तय किया है, जो उनकी राजनीतिक रणनीति और संगठन में पकड़ को दर्शाता है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































