Varanasi में ई-वेस्ट का झंझट खत्म, घर बैठे उठेगा इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ और मिलेगा पैसा

Varanasi: काशी को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए नई पहल शुरू की है। शहर में बढ़ते ई-वेस्ट को सामान्य कचरे में जाने से रोकने के लिए निगम ने ‘एडमायबिन’ संस्था को अधिकृत किया है। अब संस्था घर-घर जाकर पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संग्रह करेगी। इसके बदले नागरिकों को संस्था की ओर से उचित मूल्य भी दिया जाएगा।

जानिए क्या है पूरा मामला?

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि ई-वेस्ट संग्रह की सुविधा घरों के साथ कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, संस्थानों, उद्योगों और बल्क जनरेटरों के लिए भी उपलब्ध होगी। लोगों को ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान भी चलाए जाएंगे। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को गीले या सूखे सामान्य कचरे में न मिलाएं। इन्हें अलग रखकर अधिकृत संस्था को ही सौंपें, ताकि उनका सुरक्षित निस्तारण और वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकिलिंग हो सके। ई-वेस्ट पिकअप के लिए नागरिक क्यूआर कोड के जरिए या हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर सकते हैं।

ALSO READ: Varanasi: IIT-BHU के शोध ने बढ़ाया देश का मान, ई-वेस्ट से 92% सोना और 100% कॉपर रिकवरी का मॉडल पेश

अभियान के तहत कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, एसी, गीजर और माइक्रोवेव समेत विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संग्रह किया जाएगा। इसके अलावा बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, राउटर, स्विच, स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड, होम थिएटर, ऑडियो सिस्टम और एलईडी, एलसीडी व सीआरटी टीवी भी दिए जा सकेंगे। ई-वेस्ट देने के लिए पहले हेल्पलाइन या क्यूआर कोड के जरिए बुकिंग करनी होगी। इसके बाद पिकअप की तारीख और समय तय किया जाएगा। निर्धारित समय पर एडमायबिन की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचकर ई-वेस्ट एकत्र करेगी और उसका उचित मूल्य देगी। इसके बाद कचरे को अधिकृत चैनलों के जरिए सुरक्षित रिसाइकिलिंग के लिए भेजा जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य ई-वेस्ट को सामान्य कचरे से अलग कर पर्यावरण संरक्षण के साथ वैज्ञानिक रिसाइकिलिंग व्यवस्था को मजबूत करना है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)