सड़क नहीं, बना दिया ‘धान का खेत’! गड्ढों और कीचड़ के बीच कांग्रेसियों ने की धान की रोपाई, प्रशासन के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन

UP: बांदा में सड़क की बदहाली और जलभराव से परेशान लोगों की आवाज जब नहीं सुनी गई तो कांग्रेसियों ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। अलीगंज मोहल्ले में जर्जर सड़क के बीच जमा पानी और कीचड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान के पौधे रोप दिए। प्रदर्शन का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

दरअसल, अलीगंज मोहल्ले की सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है। हालत यह है कि राहगीरों और वाहन चालकों को इन गड्ढों के बीच से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

Also Read: रायबरेली सपा में भीषण रार! ‘यादव बनाम यादव’ की जंग शुरू, बैनर लगाकर जिलाध्यक्ष को किया ‘जाति से बेदखल’!

समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता महिला जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में मौके पर पहुंचे और प्रशासन व नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में जमा पानी और कीचड़ के बीच धान के पौधे रोपकर विरोध जताया।

कांग्रेसियों ने तंज कसते हुए कहा कि जब सड़क पर इतना पानी और कीचड़ जमा है तो इसे सड़क कहें या धान का खेत? इसी संदेश के साथ सड़क पर धान रोपकर जिम्मेदार अधिकारियों को आईना दिखाने की कोशिश की गई।कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बदहाल सड़क के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। जलभराव के चलते सड़क पर पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है और हादसे का खतरा बना रहता है।

Also Read: UP: रायबरेली में आरपी यादव की हुंकार से गरमाई सियासत, ‘समय बदलेगा’ के बयान पर चर्चा तेज

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। वहीं, सड़क पर धान की रोपाई का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.