अक्सर ऐसा सुनने में आता है कि अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश पुलिस को चकमा दे कर भाग गए। पर, यूपी में अब ऐसा सुनने में नहीं मिलेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि जल्द ही यूपी पुलिस ड्रोन माउंटेड लिड सिस्टम से लैस होने जा रही है। इसकी मदद से बदमाश अंधेरे में भी आसानी से पकड़े जा सकेंगे। सबसे पहले इसकी शुरुआत मुरादाबाद जिले में होने जा रही है। अगर ये तरीका कारगार रहा तो प्रदेश भर में ये ड्रोन खरीदे जाएंगे।
एसएसपी को लिखा गया पत्र
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में कानपुर के बिकरू कांड में ये देखने को मिला था कि अंधेरे की वजह से ही आठ पुलिसकर्मियों की हत्या हो गई थी। इसके अलावा भी कई मामलों में पुलिसकर्मी अंधेरे की वजह से ही शहीद हुए है।ऐसे में तेज रोशनी करने में सक्षम ये ड्रोन पुलिस के बड़े मददगार साबित हो सकते हैं। प्रदेश मे लिड सिस्टम से लैस अत्याधुनिक ड्रोन की खरीदारी सबसे पहले मुरादाबाद में की जाएगी।
बता दें कि रोशनी करने में सक्षम अत्याधुनिक तकनीक वाले ड्रोन कैमरे की खरीदारी के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी को पत्र लिखा गया है। जल्द ही इसकी खरीदारी कर ली जाएगी। उच्च तकनीक से लैस यह ड्रोन कैमरा कानून व्यवस्था के लिहाज से काफी उपयोगी होगा।
मुरादाबाद से होगी शुरुआत
बड़ी बात ये है कि अभी तक ये तकनीक केवल दिल्ली और मुंबई की पुलिस के पास है। अब यूपी के मुरादाबाद जिले में इसकी खरीद की जा रही है। अगर ये तकनीक सफल हुई तो इसे पूरे प्रदेश में जारी किया जाएगा। ड्रोन माउंटेड लिड सिस्टम की तेज रोशनी के साथ नाइट विजन कैमरे खेत और झाड़ियों में छिपे बदमाशों को झट से खोज निकालेंगे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )












































