गोरखपुर विश्वविद्यालय में अब स्नातक स्तर पर अतिरिक्त विषय पढ़ने की सुविधा

गोरखपुर : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब विश्वविद्यालय से स्नातक उपाधि प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के तहत स्नातक स्तर पर एक अतिरिक्त विषय की पढ़ाई कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार नए विषयों का अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
यह निर्णय कुलपति प्रो पूनम टंडन की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें स्नातक सेमेस्टर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अंतिम वर्ष में छोड़े गए विषय को पुनः पढ़ने संबंधी समिति की संस्तुतियों को मंजूरी दी गई।

निर्धारित नियमों के अनुसार, यदि किसी अभ्यर्थी ने स्नातक अध्ययन के दौरान किसी विषय को दो वर्षों तक पढ़ा है, तो उसे संबंधित विषय के तृतीय वर्ष में नियमित प्रवेश दिया जा सकेगा। वहीं, यदि अभ्यर्थी ने उस विषय का पहले अध्ययन नहीं किया है, तो पात्रता के आधार पर प्रथम वर्ष में प्रवेश दिया जा सकेगा।

Also Read : ICU के बेड पर दुल्हन की शादी! परीक्षा देकर लौट रही दुल्हन का एक्सीडेंट, ICU में बेड पर हुई जयमाला और सिंदूरदान

दोनों ही स्थितियों में पहले से प्राप्त स्नातक उपाधि में कोई संशोधन नहीं होगा। सीट उपलब्ध न होने पर अभ्यर्थियों को सुपरन्यूमेरेरी सीट पर प्रवेश दिया जा सकेगा। साथ ही नियमित कक्षाओं में उपस्थिति और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा।

कुलपति प्रो पूनम टंडन ने बताया कि यह सुविधा अन्य विश्वविद्यालयों से स्नातक उपाधि प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए भी समान नियमों के तहत उपलब्ध होगी। यह पहल विद्यार्थियों को बहुविषयक अध्ययन और ज्ञान विस्तार के नए अवसर प्रदान करेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)