आजकल केवल बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा भी कमर दर्द (Back Pain) की समस्या से जूझ रहे हैं। डेस्क जॉब, घंटों तक कंप्यूटर स्क्रीन के सामने झुककर बैठना और मोबाइल का अधिक इस्तेमाल इसके मुख्य कारण हैं। ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों का कहना है कि अब काफी कम उम्र के लोग भी उनके पास पीठ दर्द की शिकायत लेकर आते हैं।
दवा नहीं, एक्सरसाइज है असली उपाय
अक्सर लोग कमर दर्द को नजरअंदाज कर देते हैं या केवल दवा लेकर काम चलाते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि असली समाधान शरीर की मूवमेंट में ही छिपा है। रोजाना केवल 15 मिनट का सही एक्सरसाइज रूटीन आपकी कमर की जकड़न और दर्द को काफी हद तक कम कर सकता है।
कमर दर्द के लिए आसान मूवमेंट्स
फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार, पीठ दर्द के लिए भारी-भरकम वर्कआउट की जरूरत नहीं है। कुछ सरल स्ट्रेचिंग और मूवमेंट से भी राहत मिल सकती है। जैसे पेल्विक टिल्ट, कैट-काऊ स्ट्रेच, बर्ड-डॉग मूवमेंट और ग्लूट ब्रिज। ये सभी मूवमेंट्स आपकी रीढ़ की हड्डी और मांसपेशियों को मजबूती देने के साथ-साथ स्ट्रेस कम करते हैं।
विशेषज्ञ की सलाह
अगर पीठ में अधिक दर्द हो तो खुद से एक्सरसाइज शुरू करने से पहले फिजियोथेरेपिस्ट या डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। एक्सरसाइज के दौरान कोई झटका या अचानक मूवमेंट न करें। शुरुआत धीरे-धीरे करें और शरीर को इन मूवमेंट्स का आदी होने दें।













































