संतकबीरनगर। सनातन धर्म हिंदू रक्षा वाहिनी के परमाध्यक्ष एवं विश्व हिंदू परिषद की परामर्श समिति के सदस्य जगतगुरु रामानुजाचार्य जी ने सोमवार को बनकटवां स्थित देवरहा बाबा मठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सनातन धर्म विरोधी गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा में लगातार व्यवधान उत्पन्न किए जा रहे हैं, जो न केवल धार्मिक आस्था के लिए घातक हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति की जड़ों पर भी सीधा आघात हैं।
यह भी पढ़ें: 500 साल पहले एकजुट हुए होते, तो नहीं देखना पड़ता गुलामी का मुंह: योगी
देवरहा बाबा के भक्तों का अपमान धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार
जगतगुरु रामानुजाचार्य जी ने तथाकथित तत्वों द्वारा देवरहा बाबा के भक्तों का अपमान किए जाने और उनकी आस्था पर प्रश्नचिह्न लगाए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह कृत्य धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है और इसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रशासन को सख्त और त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पुनः प्रतिष्ठा आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए समाज और सरकार को समन्वित, संवेदनशील और ठोस प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं सहित समस्त सनातन धर्मावलंबियों से धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित में एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। परमाध्यक्ष ने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और प्रशासन से समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही देवरहा बाबा को समर्पित अष्टधातु की सिंहासन मूर्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मात्र दो सिपाहियों के सहारे इतनी महत्वपूर्ण और आस्था से जुड़ी धरोहर की सुरक्षा करना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: ‘हम सिर्फ संभावनाओं की बात नहीं करते, परिणाम भी देते है…’, गोरखपुर में बोले सीएम योगी
24 जनवरी को देवरहा मठ में वृहद धर्म रक्षा सम्मेलन,चंपत राय होंगे मुख्य अतिथि
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इन मांगों पर गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया गया, तो सनातन धर्म हिंदू रक्षा वाहिनी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को विवश होगी। अंत में जगतगुरु रामानुजाचार्य जी ने जानकारी दी कि आगामी 24 जनवरी को देवरहा मठ, बनकटवां में सनातन धर्म हिंदू रक्षा वाहिनी द्वारा वृहद धर्म रक्षा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष एवं राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के महासचिव चंपत राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
Input – Hanumteshwar Mishra.












































