यूपी में गिरफ्तार पाकिस्तानी जासूस इरम, दिल्ली के संवेदनशील डिफेंस इलाकों की कर रही थी जासूसी

UP: गाजियाबाद पुलिस ने संभल जिले के दीपा सराय क्षेत्र से इरम उर्फ शाने मेहराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि महिला पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप है। इरम पिछले दो साल से अपने पति फैजान के साथ गाजियाबाद के मसूरी इलाके में रह रही थी। फैजान पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और दंपति की शादी लगभग तीन साल पहले हुई थी।

मोबाइल फोन में मिले अहम सुराग

जांच में पुलिस को इरम के मोबाइल फोन से महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं। फोन में दिल्ली-एनसीआर के डिफेंस से जुड़े संवेदनशील इलाकों की लोकेशन, तस्वीरें और वीडियो पाए गए। इसके अलावा, कुछ विदेशी नंबरों के साथ की गई चैटिंग भी मिली, जिन्हें खुफिया एजेंसियां गंभीरता से जांच रही हैं। ये सबूत महिला के गुप्त नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत देते हैं।

Also Read: होटल में खुद गर्दन रेती, CCTV में लाइव वारदात कैद…यूपी में दर्दनाक मौत का मामला आया सामने, मचा हड़कंप

संगठित नेटवर्क से संबंध की आशंका

पुलिस के अनुसार, इरम किसी संगठित नेटवर्क के संपर्क में थी। दंपति हाल ही में अपने गांव दीपा सराय ईद मनाने आए थे, तभी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया। एजेंसियां अब पूरी तरह से जांच कर रही हैं कि महिला किन लोगों से संपर्क में थी और उसे किन संवेदनशील जानकारियों को इकट्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

दीपा सराय का संदिग्ध इतिहास

दीपा सराय इलाके का नाम पहले भी आतंकवाद और संदिग्ध गतिविधियों में जुड़ चुका है। 2023 में आईएसआईएस से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, अल-कायदा से जुड़े आतंकवादी आसिम उमर भी इसी क्षेत्र का रहने वाला बताया जाता है। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में यह इलाका लंबे समय से रहा है और ताजा मामले ने इसे फिर से जांच की केंद्रबिंदु बना दिया है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)